Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

प्रीपेड स्मार्ट मीटरों के विरोध में उपभोक्ताओं का प्रदर्शन, पोस्टपेड व्यवस्था लागू करने की मांग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर में लगाए जा रहे स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता और एसडीओ कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं को लेकर विरोध जताया। उपभोक्ताओं ने साफ कहा कि प्रीपेड मीटरों से आम लोगों को परेशानी हो रही है, इसलिए इन्हें पोस्टपेड व्यवस्था में बदला जाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

लोगों का कहना है कि प्रीपेड मीटर लगने के बाद बिजली रिचार्ज पर निर्भर हो गई है और बैलेंस खत्म होते ही सप्लाई बंद हो जाती है। खासकर मजदूरी और छोटे काम करने वाले परिवारों के लिए एडवांस रिचार्ज कराना मुश्किल हो रहा है। रात के समय बिजली कटने और अधिक लोड दिखाकर बिल बढ़ने जैसी शिकायतें भी सामने आई हैं।

जिले में तेजी से डिजिटल मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं और हजारों उपभोक्ताओं के कनेक्शन पहले ही प्रीपेड प्रणाली में बदले जा चुके हैं। वैशाली कॉलोनी समेत कई इलाकों की महिलाएं भी कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों को अपनी परेशानियां बताईं। उपभोक्ताओं ने घरेलू कनेक्शन में अधिक लोड और पेनल्टी की समस्या भी उठाई।

विरोध के दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और शिकायत पत्र लेकर समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। विभाग का कहना है कि स्मार्ट मीटर से पारदर्शिता बढ़ती है और उपभोक्ता अपनी बिजली खपत पर नियंत्रण रख सकते हैं।

इसी दौरान एक व्यक्ति नशे की हालत में एसडीओ कार्यालय पहुंच गया और कर्मचारियों से अभद्रता करने लगा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बुलाया गया और उसे थाने भेज दिया गया।

बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा और नियमानुसार समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।