हापुड़।
पूर्व सांसद मोहसिना किदवई के निधन पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शहर कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आयोजित शोक सभा में कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके योगदान को याद किया।
जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, “मोहसिना किदवई जी का निधन न केवल कांग्रेस पार्टी, बल्कि पूरे देश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वह एक बेहद मजबूत, अनुभवी और दूरदर्शी नेता थीं, जिन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा जनहित को सर्वोपरि रखा। उन्होंने जिस समर्पण और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा की, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने आगे कहा, “वर्ष 1980 और 1984 में मेरठ-हापुड़ क्षेत्र से सांसद रहते हुए उन्होंने क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उस समय उन्होंने जिन बड़े नेताओं को पराजित किया, वह उनकी जनस्वीकार्यता और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। मोहसिना किदवई जी ने संगठन को मजबूत करने में भी अहम भूमिका निभाई और हमेशा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का काम किया।
राकेश त्यागी ने कहा, “इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के नेतृत्व में उन्होंने केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी निभाई और अपने कार्यों से देशभर में एक अलग पहचान बनाई। उनका व्यक्तित्व सादगी, दृढ़ता और सेवा भाव का अद्भुत संगम था। आज उनके जाने से जो शून्य पैदा हुआ है, उसे भर पाना बेहद कठिन है। हम सभी कार्यकर्ता उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं।”
गजराज सिंह ने कहा कि मोहसिना किदवई मेरठ-हापुड़ संसदीय क्षेत्र से लगातार दो बार सांसद रहीं और उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में कई दिग्गज नेताओं को पराजित कर अपनी मजबूत पहचान बनाई। वे कांग्रेस की कद्दावर नेताओं में शामिल थीं और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के काफी करीब मानी जाती थीं। शोक सभा के दौरान वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा को याद करते हुए कहा कि उनका निधन कांग्रेस पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गजराज सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष मिथुन त्यागी, पीसीसी सदस्य नरेश भाटी, जिला कोषाध्यक्ष सुशील शास्त्री, जिला महासचिव कपिल शर्मा, गौरव गर्ग, शहर उपाध्यक्ष अमित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।









.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin