Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हादसे के बाद भी जर्जर स्कूल बसें सड़कों पर, कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के सेहल चौराहे पर हुए स्कूल बस हादसे के बाद भी स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है। दुर्घटना में कई बच्चे घायल होने के बावजूद क्षेत्र में पुरानी और खटारा स्कूल बसें बिना जांच के सड़कों पर चलती दिखाई दे रही हैं, जिससे अभिभावकों और ग्रामीणों में रोष है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बीआरआरडी कॉन्वेंट स्कूल की बस और एक पिकअप वाहन के बीच टक्कर हो गई थी। बस आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी, तभी सेहल चौराहे के पास यह हादसा हुआ। घटना में करीब 11 से 12 बच्चे घायल हो गए थे, जिनमें कुछ को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। हादसे के बाद स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठने लगे।

ग्रामीणों का कहना है कि दुर्घटना के बाद भी परिवहन विभाग और पुलिस द्वारा कोई विशेष अभियान नहीं चलाया गया। क्षेत्र में कई स्कूल वाहन जर्जर हालत में संचालित हो रहे हैं, जिनमें सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और नियमित फिटनेस जांच भी नहीं होती। इससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में है और जल्द ही टीम बनाकर नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।