Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बहादुरगढ़ सीएचसी में लापरवाही उजागर, स्टाफ की कमी से प्रभावित स्वास्थ्य सेवाएं


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य सुविधाएं स्टाफ की कमी के चलते पटरी से उतरती नजर आ रही हैं। अस्पताल में फार्मासिस्ट के पद खाली होने से दवाओं का वितरण और टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य वार्ड बॉय के भरोसे संचालित किए जा रहे हैं, जबकि लाखों रुपये की मशीनें बिना उपयोग के पड़ी हुई हैं।

क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के उद्देश्य से बनाए गए इस स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ओपीडी में प्रतिदिन करीब 100 से अधिक मरीज आते हैं, लेकिन कर्मचारियों की कमी के कारण उन्हें समय पर दवा और उपचार नहीं मिल पा रहा है।

मरीजों का कहना है कि डॉक्टर से जांच कराने के बाद दवा लेने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। नियमों के अनुसार दवा वितरण का कार्य प्रशिक्षित फार्मासिस्ट को करना चाहिए, लेकिन यहां वार्ड बॉय से ही यह जिम्मेदारी निभाई जा रही है। साथ ही अस्पताल में लगी महंगी मेडिकल मशीनों का भी सही उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिससे सरकारी संसाधनों की उपयोगिता पर सवाल उठ रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल बनने के बाद उम्मीद थी कि गांवों के मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा और उन्हें शहर नहीं जाना पड़ेगा, लेकिन वर्तमान स्थिति में मरीजों को अन्य अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है।

सीएचसी अधीक्षक रोशनलाल ने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण उपलब्ध कर्मचारियों से काम लिया जा रहा है। चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों की तैनाती के लिए उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है और जल्द ही व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।