Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सरसों तेल में लेड और विटामिन की कमी, प्रदेशभर में बिक्री पर लगी रोक


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

खाद्य तेलों की गुणवत्ता जांच में गंभीर खामियां मिलने के बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। दिल्ली रोड स्थित केएल वेजिटेबल ऑयल प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड से लिए गए सरसों तेल के नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे। जांच में कुछ नमूनों में लेड की मात्रा पाई गई, जबकि अन्य में विटामिन-ए और डी की कमी सामने आई। इसके बाद संबंधित उत्पादों के भंडारण, बिक्री और वितरण पर पूरे उत्तर प्रदेश में रोक लगा दी गई है।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर की गई।

जानकारी के अनुसार, 23 फरवरी को राज्यभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान कई जिलों में खाद्य तेलों के नमूने लिए गए थे। हापुड़ में भी छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तेल जब्त किया गया और जांच के लिए नमूने भेजे गए।

रिपोर्ट आने पर पता चला कि जांचे गए नमूनों में से अधिकांश या तो अधोमानक थे या असुरक्षित श्रेणी में आए। एक नमूना ही पूरी तरह मानकों के अनुरूप मिला।

सुनील कुमार, सहायक आयुक्त द्वितीय ने बताया कि प्रदेश में कई फर्मों के उत्पादों पर कार्रवाई की गई है और आगे लाइसेंस रद्द करने तक की प्रक्रिया हो सकती है।

विशेषज्ञ डॉ. पराग शर्मा के अनुसार, लेड जैसे तत्व का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक होता है और लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है।

विभाग ने संबंधित कंपनी से स्टॉक का विवरण मांगा है और बाजार से उत्पाद हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं, कंपनी ने जांच रिपोर्ट पर आपत्ति जताते हुए पुनः परीक्षण की मांग की है।