HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत हापुड़ पुलिस ने महिला सुरक्षा और पारिवारिक विवादों के निस्तारण में उल्लेखनीय कार्य करते हुए एक नई मिसाल पेश की है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के दौरान महिला थाना टीम ने न केवल संवेदनशीलता दिखाई, बल्कि प्रभावी काउंसिलिंग के जरिए सैकड़ों परिवारों को टूटने से बचाया है।
महिला थाना प्रभारी अरुणा राय के नेतृत्व में कार्यरत टीम ने थाने पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। बीते एक वर्ष में करीब 1500 से अधिक मामलों का सफल निस्तारण करते हुए आपसी मतभेदों को सुलझाया गया। विशेष रूप से पारिवारिक विवादों में समझाइश और काउंसिलिंग के माध्यम से कई दंपतियों को दोबारा एक साथ लाकर उनके जीवन में स्थिरता और विश्वास बहाल किया गया।
महिला थाना की कार्यप्रणाली की एक खास विशेषता यह भी है कि समझौता होने के बाद भी मामलों की नियमित निगरानी की जाती है। पुलिस टीम हर 15 दिन में संबंधित परिवारों से संपर्क कर स्थिति का फीडबैक लेती है, जिससे विवाद के दोबारा उभरने की संभावना काफी हद तक कम हो जाती है।
इस संबंध में महिला थाना प्रभारी अरुणा राय ने बताया, “हमारी प्राथमिकता सिर्फ मामलों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि परिवारों को टूटने से बचाना और उनमें विश्वास बहाल करना है। जब कोई फरियादी हमारे पास आता है तो हम उसकी समस्या को पूरी संवेदनशीलता और धैर्य के साथ सुनते हैं। कई बार छोटे-छोटे मतभेद बड़े विवाद का रूप ले लेते हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन और काउंसिलिंग से सुलझाया जा सकता है। हमारी टीम दोनों पक्षों को समझाने, उनके बीच संवाद स्थापित कराने और आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास करती है। यही वजह है कि कई परिवार, जो टूटने की कगार पर थे, आज फिर से साथ रह रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, “समझौता होने के बाद भी हम अपनी जिम्मेदारी खत्म नहीं मानते। हमारी टीम लगातार फॉलोअप करती है, हर 15 दिन में संपर्क कर यह सुनिश्चित किया जाता है कि परिवार में सब कुछ सामान्य है या नहीं। अगर कहीं कोई समस्या दोबारा सामने आती है तो उसे तुरंत सुलझाने का प्रयास किया जाता है। मिशन शक्ति के तहत हमारा उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना, उनकी बात को प्राथमिकता से सुनना और उन्हें न्याय दिलाने के साथ-साथ समाज में सामंजस्य बनाए रखना है।”
.jpg)




.jpeg)





.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin