Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पिलखुवा में घर-घर होगा सर्वे, हर परिवार का बनेगा पूरा रिकॉर्ड


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा नगर पालिका क्षेत्र में परिवार आधारित सर्वे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के 25 वार्डों को 150 ब्लॉकों में विभाजित कर उनकी एंट्री का काम पूरा कर लिया गया है, जिससे सर्वे की रूपरेखा तैयार हो चुकी है।

अब सर्वे को जमीन पर उतारने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की योजना बनाई गई है। इसके तहत 28 सुपरवाइजर (जिनमें कुछ रिजर्व रहेंगे) और 165 प्रगणकों को लगाया जाएगा। इनमें से अधिकांश का डाटा पहले ही सिस्टम में दर्ज किया जा चुका है।

इस सर्वे के जरिए हर परिवार की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए एक विस्तृत फॉर्म तैयार किया गया है, जिसमें आय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी योजनाओं से जुड़े करीब 33 बिंदुओं पर जानकारी ली जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य इस सर्वे के माध्यम से सही लाभार्थियों की पहचान करना है, ताकि योजनाओं का फायदा सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।

हालांकि तकनीकी दिक्कतों के चलते काम की रफ्तार प्रभावित हुई है। वेबसाइट बंद होने के कारण ब्लॉक मैपिंग और कुछ कर्मचारियों का डाटा अपडेट नहीं हो पाया है, जिससे सर्वे शुरू होने में देरी हो रही है।

नगर पालिका का कहना है कि जैसे ही तकनीकी समस्या दूर होगी, बाकी काम तेजी से पूरा कर लिया जाएगा और सर्वे को घर-घर तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए कुल 193 कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देने की तैयारी भी की जा रही है।

अधिकारियों ने साफ किया है कि सर्वे पूरी पारदर्शिता और सटीकता के साथ कराया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे और किसी तरह की लापरवाही न हो।