Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैस सिलिंडर की किल्लत पर दो एजेंसियों में विवाद, उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच झड़प


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

गैस सिलिंडर उपलब्ध न होने से बुधवार सुबह असौड़ा गांव और कविनगर क्षेत्र की गैस एजेंसियों पर हंगामा हो गया। लंबी लाइन में लगे उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच कहासुनी बढ़ गई, जो बाद में धक्का-मुक्की और मारपीट में बदल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार नए वित्तीय वर्ष के चलते गैस एजेंसियों के ऑनलाइन पोर्टल अपडेट किए जा रहे थे, जिस कारण बुकिंग और वितरण कार्य अस्थायी रूप से बंद था। कई जगह नोटिस लगाए गए थे, लेकिन कुछ एजेंसियों पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग सिलिंडर लेने पहुंच गए। घंटों इंतजार के बाद भी सिलिंडर न मिलने पर लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि कर्मचारियों ने सही जानकारी नहीं दी और उन्हें बार-बार लौटने को कहा गया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। मौके पर हंगामा और मारपीट की स्थिति बनने के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। फिलहाल किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है, लेकिन घटना के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। एजेंसियों पर रोजाना सैकड़ों उपभोक्ताओं की भीड़ लगने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जिला पूर्ति विभाग के अनुसार जिले में केरोसिन एजेंसियों की संख्या भी काफी कम हो गई है और वर्तमान में सीमित एजेंसियां ही सक्रिय हैं, जिससे वैकल्पिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।