HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
ब्रजघाट के समग्र विकास को लेकर शासन ने 14 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दे दी है। इन परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाने की जिम्मेदारी सीएमडीएस को सौंपी गई है, जिसके तहत जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सरकार का लक्ष्य ब्रजघाट को हरिद्वार और वाराणसी की तर्ज पर विकसित करना है। योजना के तहत गंगा किनारे फैली अस्थायी दुकानों को हटाकर व्यवस्थित रूप से पीछे एक लाइन में स्थायी दुकानें बनाई जाएंगी, जिससे घाट पर अव्यवस्था खत्म हो सके।
फिलहाल घाट क्षेत्र में अस्थायी दुकानों के कारण भीड़भाड़ और अव्यवस्था रहती है, खासकर बड़े आयोजनों के दौरान प्रशासन को इन्हें हटाने में विरोध का सामना करना पड़ता है। नई योजना में घाट के सामने वाले हिस्से को केवल स्नान के लिए सुरक्षित रखा जाएगा।
इसके साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम, शौचालय, हाईमास्ट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। श्मशान घाट क्षेत्र में भी पक्का घाट बनाया जाएगा, जिससे वहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
पार्किंग समस्या के समाधान के लिए एनएच-09 के किनारे करीब 600 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। चार मंजिला इस पार्किंग के बनने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और सड़क हादसों में भी कमी आने की उम्मीद है।
इसके अलावा करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से 3000 वर्ग मीटर क्षेत्र में फूड प्लाजा और सामुदायिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जहां एक ही स्थान पर विभिन्न ब्रांड के रेस्टोरेंट उपलब्ध होंगे।
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी दीपिका सिंह के अनुसार, पहले करीब 16 करोड़ रुपये का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसमें से 14 करोड़ रुपये के कार्यों को स्वीकृति मिल गई है। उन्होंने बताया कि ये परियोजनाएं ब्रजघाट के विकास के लिए बेहद जरूरी हैं और इससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
.jpg)




.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin