Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बुद्ध पूर्णिमा पर उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई डुबकी


HALCHAL INDIA NEWS

बजघाट। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार को बजघाट गंगा तट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। विभिन्न राज्यों और जनपदों से पहुंचे तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित किया।

गंगा स्नान के लिए हरियाणा, राजस्थान समेत कई प्रदेशों से श्रद्धालु बृहस्पतिवार रात से ही गंगानगरी पहुंचने लगे थे। इससे ब्रजघाट के बाजारों और धर्मशालाओं में देर रात तक रौनक बनी रही।

शुक्रवार को ब्रह्म मुहूर्त के साथ ही सुबह करीब चार बजे से श्रद्धालुओं की भीड़ गंगा घाटों पर जुटनी शुरू हो गई। दिनभर चला स्नान का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। श्रद्धालुओं ने “मां गंगा” के जयघोष के साथ आस्था की डुबकी लगाई।

स्नान के बाद कई भक्तों ने तट पर मौजूद पुरोहितों से भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी और पूजा-अर्चना की। बहादुरगढ़ क्षेत्र के पुष्पावती पूठ, गढ़ के कार्तिकेय घाट और गांव लठीरा समेत अन्य घाटों पर भी हजारों लोगों ने गंगा स्नान किया।

इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। गंगा सभा आरती समिति ने आरती स्थल के पास भंडारा लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। इसके अलावा कई घाटों और धर्मशालाओं में भी श्रद्धालुओं के लिए भोजन व प्रसाद की व्यवस्था की गई।