Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धौलाना में नकली एथिलीन का भंडाफोड़, 5 करोड़ का माल बरामद


HALCHAL INDIA NEWS

धौलाना (हापुड़)। धौलाना के यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र में फल पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले नकली एथिलीन के बड़े कारोबार का खुलासा हुआ है। पुलिस और कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों की संयुक्त कार्रवाई में एक फैक्टरी से करीब 5 करोड़ रुपये का नकली माल बरामद किया गया।

मेरठ और नागपुर स्थित कंपनियों के अधिकृत कर्मचारी आर्यन राघव की शिकायत पर पुलिस ने मॉर्डन इंटरप्राइजेज नाम की फैक्टरी पर छापा मारा। जांच में सामने आया कि यहां पिछले करीब पांच साल से नकली एथिलीन तैयार किया जा रहा था।

छापेमारी के दौरान फैक्टरी से नामी कंपनियों के ब्रांड नाम पर तैयार बड़ी मात्रा में नकली एथिलीन, खाली पैकेट, पाउच, कार्टन और पैकिंग मशीनें बरामद की गईं। मौके पर मौजूद अर्पित मोदी ने खुद को मैनेजर बताया, लेकिन बाद में वह ही फैक्टरी का मालिक निकला और कार्रवाई के दौरान फरार हो गया।

बताया गया कि यह नकली केमिकल फलों को जल्दी पकाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। कंपनी के अधिकारियों ने आशंका जताई कि ऐसे नकली उत्पादों से फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाएं हो सकती हैं।

एसपी ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर थाना पुलिस ने फैक्टरी मालिक अर्पित मोदी और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बरामद माल और मशीनों को जब्त कर फैक्टरी को सील कर दिया है।

एसपी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।