Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

बिटुमिन महंगा, सड़क निर्माण पर ब्रेक: 20 करोड़ के 40 काम ठप


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ में सड़क निर्माण कार्यों की रफ्तार थम गई है। कच्चे तेल से बनने वाले बिटुमिन के दामों में तेज उछाल के चलते ठेकेदारों ने काम रोक दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, बीते करीब डेढ़ महीने से लोक निर्माण विभाग और एचपीडीए के लगभग 20 करोड़ रुपये के 40 प्रोजेक्ट अधर में लटके हुए हैं।

वैश्विक स्तर पर चल रहे तनाव, खासकर ईरान, अमेरिका और इजराइल से जुड़े हालात का असर अब स्थानीय निर्माण कार्यों पर भी दिखाई दे रहा है। मार्च के मध्य से बिटुमिन के दाम लगातार बढ़ते रहे हैं और दो महीनों में इसमें करीब 30 से 33 हजार रुपये प्रति मीट्रिक टन तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

दाम बढ़ने से ठेकेदारों की लागत काफी बढ़ गई है, जबकि विभाग की ओर से भुगतान पुराने तय रेट के हिसाब से ही किया जा रहा है। ऐसे में ठेकेदारों के लिए काम जारी रखना घाटे का सौदा बन गया है, जिस कारण उन्होंने निर्माण कार्यों से हाथ पीछे खींच लिए हैं।

जिले में कई अहम सड़क परियोजनाएं प्रभावित हैं। ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाले मार्गों के साथ-साथ शहरी इलाकों में सड़कों के सुधार कार्य भी रुके हुए हैं। सिर्फ जरूरी कार्य ही सीमित स्तर पर कराए गए, बाकी योजनाएं फिलहाल ठप पड़ी हैं।

ठेकेदार संगठन का कहना है कि मौजूदा हालात में पुराने रेट पर काम करना संभव नहीं है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार बढ़ी लागत को ध्यान में रखते हुए भुगतान में संशोधन करेगी, तभी काम दोबारा शुरू हो पाएंगे।

वहीं, विभागीय अधिकारियों का कहना है कि वे अनुबंध के अनुसार ही भुगतान कर सकते हैं। यदि शासन स्तर से कोई नया आदेश आता है, तो उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।