Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आसमान से बरस रही आग, 42 डिग्री तापमान ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में भीषण गर्मी और लू का कहर लगातार जारी है। सोमवार को भी अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक अगले कई दिनों तक राहत मिलने की संभावना नहीं है।

दिन चढ़ते ही सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। बाइक सवार चेहरा ढककर सफर करते नजर आए, जबकि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और चौराहों पर लोग गर्मी से बचने के लिए छांव तलाशते दिखे। लू के थपेड़ों के कारण राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

भीषण गर्मी के चलते बाजारों में भी रौनक कम दिखाई दी। लोग ठंडे पेय पदार्थों, गन्ने के रस, नारियल पानी और लस्सी का सहारा लेते नजर आए। जगह-जगह लगी दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं प्यास बुझाने के लिए लोगों को पानी की बोतलें खरीदनी पड़ीं।

गांवों में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय गलियां सूनी रहीं और लोग घरों में कैद रहने को मजबूर हुए। रात में भी गर्म हवाएं चलने से लोगों को राहत नहीं मिल सकी। न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले सप्ताह में भी तेज गर्मी और प्रचंड लू का असर बना रहेगा। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।