Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

टेक्सटाइल सेंटर में बदहाल व्यवस्थाओं पर भड़के व्यापारी


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा टेक्सटाइल सेंटर में सोमवार को पहुंचे हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त उपाध्यक्ष मुकेश चंद्र के सामने व्यापारियों ने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई। व्यापारियों ने सेंटर में फैली गंदगी, जलभराव, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप और पेयजल संकट जैसी समस्याओं को मौके पर दिखाया।

व्यापारियों का कहना था कि लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से स्थायी समाधान नहीं कराया गया। टेक्सटाइल सेंटर व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपाध्यक्ष को पूरे परिसर का निरीक्षण कराया और विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

व्यापारियों ने बताया कि पार्क क्षेत्र में सालभर जलभराव की स्थिति बनी रहती है, जिससे मच्छरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं पेयजल व्यवस्था खराब होने से कारोबारियों के साथ ग्राहकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

व्यापारी विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ, जिससे रोजाना व्यापार प्रभावित हो रहा है।

उपाध्यक्ष मुकेश चंद्र ने व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।