Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने पकड़ी आत्मनिर्भरता की राह, अचार बनाकर बढ़ा रहीं आय


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ जिले में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने अब रोजगार की नई दिशा तलाश ली है। घरेलू जिम्मेदारियों तक सीमित रहने वाली ये महिलाएं अब संगठित होकर अचार बनाने का काम कर रही हैं और आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं।

समूह की महिलाएं आम, नींबू और मिर्च जैसे विभिन्न प्रकार के अचार तैयार कर रही हैं। उनके इस प्रयास से न केवल उनकी आमदनी बढ़ी है, बल्कि गांव में अन्य महिलाओं के लिए भी रोजगार के अवसर खुल रहे हैं।

ततारपुर गांव की शालू बताती हैं कि उन्होंने सरकारी प्रशिक्षण के जरिए अचार बनाने और पैकिंग की विधि सीखी। शुरुआत छोटे स्तर से हुई, लेकिन धीरे-धीरे उनके उत्पाद की मांग बढ़ने लगी। अब उनके अचार स्थानीय बाजारों के अलावा दूसरे शहरों और जिलों तक पहुंच रहे हैं।

महिलाओं का कहना है कि उनके उत्पाद की खासियत शुद्धता और पारंपरिक स्वाद है, जो ग्राहकों को आकर्षित कर रहा है। समूह की अन्य सदस्य सीमा भी इस काम के जरिए अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

इसके साथ ही महिलाएं सोशल मीडिया और विभिन्न मेलों में अपने उत्पाद का प्रचार-प्रसार कर रही हैं। प्रशासन ने भी उनके प्रयासों की सराहना करते हुए आगे हर संभव मदद का भरोसा दिया है।