Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई, देहात के गांवों में रातभर रहा अंधेरा


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

तेज आंधी और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। बृहस्पतिवार रात एनएच-09 पर बाबूगढ़ से रामपुर रोड बिजलीघर को जोड़ने वाली 33 केवी लाइन पर यूनिपोल गिरने से सप्लाई ठप हो गई। इसके चलते देहात अंचल के अधिकांश गांवों में रातभर अंधेरा छाया रहा और शुक्रवार शाम तक भी आपूर्ति पूरी तरह बहाल नहीं हो सकी।

आंधी के दौरान करीब 40 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए, जबकि कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइन के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। देहात थाना क्षेत्र के पास यूनिपोल गिरने से तीन खंभे टूट गए और करीब 500 मीटर तार क्षतिग्रस्त हो गया। इसके अलावा जेएमएस वर्ल्ड स्कूल के सामने भी एक यूनिपोल लाइन पर गिरा, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

रामपुर रोड बिजलीघर से जुड़े क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही, जबकि शहरी क्षेत्रों में सप्लाई देर रात करीब एक बजे तक सामान्य हो सकी। दिल्ली रोड बिजलीघर समेत अन्य लाइनों में भी फॉल्ट आने से कई इलाकों में अंधेरा पसरा रहा।

देहात क्षेत्र के कैली, जसरूपनगर, धीरखेड़ा, किल्हौड़ा, लालपुर, वझीलपुर और बाबूगढ़ समेत कई गांवों में पूरी रात बिजली नहीं आई। वहीं, टीचर कॉलोनी, राजीव विहार, सिद्धार्थनगर, लज्जापुरी, पटेलनगर, आर्यनगर और जवाहर गंज सहित कई मोहल्लों में भी बिजली संकट बना रहा।

बिजली विभाग की टीमों ने दिनभर क्षतिग्रस्त खंभों और लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य जारी रखा। अवर अभियंताओं ने लोगों से टूटे खंभों की सूचना देने की अपील भी की, ताकि मरम्मत कार्य तेजी से किया जा सके।

अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी के अनुसार, आंधी-बारिश के कारण लाइनों और खंभों को नुकसान पहुंचा था। पेट्रोलिंग के बाद फॉल्ट ठीक कर अधिकांश क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि यूनिपोल के स्वामी की जानकारी जुटाई जा रही है।