Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

चलती बाइक से मोबाइल झपटते थे बदमाश, हाफिजपुर पुलिस ने केटीएम गैंग का किया पर्दाफाश


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

हाफिजपुर पुलिस ने मोबाइल छिनैती और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से छिनैती और चोरी के 10 मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त केटीएम बाइक, अवैध तमंचा और चाकू बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में लगातार बढ़ रही मोबाइल लूट और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।


थाना प्रभारी के अनुसार थाना हाफिजपुर पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रामपुर अंडरपास के पास दो संदिग्ध युवक केटीएम मोटरसाइकिल पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोककर पूछताछ की तो दोनों घबरा गए। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, चाकू और बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद हुए। 


पूछताछ में आरोपितों ने मोबाइल छिनैती और चोरी की कई घटनाओं को कबूल किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सलीम पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम खेड़की थाना चांदपुर जनपद बिजनौर तथा अमन पुत्र गुलफाम निवासी ग्राम दीपा जलालपुर थाना चांदपुर जनपद बिजनौर के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी सुनसान रास्तों और हाईवे पर मोबाइल पर बात करते हुए पैदल या बाइक सवार लोगों को निशाना बनाते थे। तेज रफ्तार केटीएम बाइक से पास पहुंचकर झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लेते और फरार हो जाते थे।


इतना ही नहीं आरोपी ट्रक, बस और अन्य सार्वजनिक वाहनों में सफर करने वाले यात्रियों के मोबाइल फोन चोरी करने की वारदातों को भी अंजाम देते थे। पुलिस का मानना है कि गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और आसपास के कई जिलों में घटनाओं को अंजाम दे चुका है। बरामद मोबाइल फोनों के आधार पर अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। 


पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही दोनों के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी खंगाली जा रही है। थाना हाफिजपुर पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है और जल्द ही कई अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।