Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आंधी से गंगानगरी में बिजली गुल, चार घंटे अंधेरे में रहे लोग


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। बृहस्पतिवार शाम आई तेज आंधी और धूलभरी हवाओं ने शहर की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। हवा चलते ही कई इलाकों की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई, जिससे लोगों को करीब चार घंटे तक अंधेरे और उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ा।

शाम ढलते ही घरों और बाजारों में अंधेरा छा गया। बिजली न होने से जहां लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल सकी, वहीं दुकानदारों का कारोबार भी प्रभावित हुआ। कई स्थानों पर पानी की समस्या भी खड़ी हो गई, क्योंकि बिजली न होने से मोटरें नहीं चल सकीं।

आंधी के दौरान शाहपुर रोड, पुरानी दिल्ली रोड और पलवाड़ा रोड पर पुराने पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। हालांकि उस समय कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा और लोगों को रास्ता बदलकर गुजरना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हल्की आंधी या बारिश में भी बिजली व्यवस्था चरमरा जाती है। करोड़ों रुपये खर्च कर सुधार के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्थिति अलग नजर आती है। लोगों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

देर रात तक कई मोहल्लों में बिजली की आंखमिचौली जारी रही, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।

डंपिंग ग्राउंड में लगी आग, धुएं से बढ़ी दिक्कत

हाईवे स्थित गांव अल्लाबख्शपुर के पास नगर पालिका के डंपिंग ग्राउंड में तेज आंधी के दौरान कूड़े में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई, जिससे उठने वाले धुएं और बदबू से राहगीरों और आसपास के लोगों को काफी दिक्कत हुई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।