Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धंसी सड़क में फंसा ट्रैक्टर-ट्रॉला, आधे घंटे तक लगा जाम


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मुख्य चौपला क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉला धंसी हुई सड़क में फंस गया। ट्रॉला में सामान लदा होने के कारण वाहन निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी और देखते ही देखते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि आंबेडकर चौराहे के पास जल निगम की ओर से पाइपलाइन लीकेज ठीक करने के लिए सड़क के बीच गड्ढा खोदा गया था। काम पूरा होने के बाद गड्ढे को सही तरीके से नहीं भरा गया, जिससे सड़क कमजोर हो गई और मिट्टी धंस गई।

इसी दौरान वहां से गुजर रहा ट्रैक्टर-ट्रॉला अचानक धंसी सड़क में फंस गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और राहगीरों व दुकानदारों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

बाद में चालक ने स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह ट्रैक्टर-ट्रॉला को बाहर निकलवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

स्थानीय लोगों ने इस घटना को जल निगम की लापरवाही बताया और चेतावनी दी कि समय रहते सुधार न हुआ तो बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत और ऐसे स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।

एसडीएम श्रीराम यादव ने कहा कि मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जल्द व्यवस्था ठीक कराई जाएगी।