Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ सीएचसी में बनी नई कोल्ड चेन, अब अस्पतालों तक आसानी से पहुंचेगी वैक्सीन


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ के गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जिला स्तरीय कोल्ड चेन सिस्टम शुरू कर दिया गया है। इसके बाद अब जिले के विभिन्न अस्पतालों और टीकाकरण केंद्रों को यहीं से वैक्सीन की आपूर्ति की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए हैं, जो 24 घंटे तापमान और स्टोरेज पर नजर रखेंगे।

स्वास्थ्य विभाग नियमित टीकाकरण अभियान के तहत नवजात शिशुओं से लेकर बच्चों तक को विभिन्न वैक्सीन उपलब्ध कराता है। पहले यह कोल्ड चेन व्यवस्था मोदीनगर रोड स्थित सीएमओ कार्यालय से संचालित होती थी, लेकिन अब इसे हापुड़ सीएचसी में स्थानांतरित कर दिया गया है।

नई व्यवस्था में लगाए गए डीप फ्रीजर ऑनलाइन सिस्टम से जुड़े हैं। इससे लखनऊ स्तर पर बैठे अधिकारी भी वैक्सीन स्टोरेज का तापमान और स्थिति मॉनिटर कर सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि हापुड़ सीएचसी जिले के मध्य क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां से वैक्सीन सप्लाई करना अधिक आसान और तेज होगा।

सीएमओ डॉ. वेदप्रकाश ने बताया कि सीएचसी में वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध है और यहां से ट्रांसपोर्ट सुविधा भी बेहतर है। नई कोल्ड चेन व्यवस्था से टीकाकरण अभियान को और मजबूती मिलेगी।