Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, घंटों इंतजार में छूट रहा पसीना


HALCHAL INDIA NEWS

भीषण गर्मी के बीच ट्रेनों का लगातार बिगड़ता संचालन रेल यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बनता जा रहा है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर सुबह से शाम तक कई ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। तेज धूप और उमस के कारण लोगों का हाल बेहाल दिखाई दिया।

बुधवार को भी कई प्रमुख ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से स्टेशन पहुंचीं। राधिकापुर-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस करीब छह घंटे देरी से पहुंची, जबकि मुरादाबाद-गाजियाबाद मेमू ट्रेन साढ़े चार घंटे लेट रही। इसके अलावा अवध असम एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, राज्यरानी एक्सप्रेस, सत्याग्रह एक्सप्रेस और इंटरसिटी एक्सप्रेस भी देरी से स्टेशन पहुंचीं।

ट्रेनों की लेटलतीफी का सबसे ज्यादा असर रोजाना सफर करने वाले दैनिक यात्रियों पर पड़ रहा है। कई यात्रियों ने बताया कि लगातार देरी के कारण उन्हें अपने काम और जरूरी कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्लेटफॉर्म पर बैठने और पीने के पानी की समस्या भी यात्रियों को परेशान कर रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार कई ट्रेनों का संचालन पहले से ही देरी से चल रहा है, जिसका असर आगे के रूट पर भी दिखाई दे रहा है। मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि ट्रेनों की आवाजाही पीछे से प्रभावित होने के कारण समय सारिणी बिगड़ रही है।