Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची की बड़ी जांच, 2.22 लाख संभावित डुप्लीकेट नामों का सत्यापन जारी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ जिले में आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच मतदाता सूची को दुरुस्त करने का काम तेज कर दिया गया है। जिला निर्वाचन कार्यालय को ग्रामीण क्षेत्रों की मतदाता सूची में करीब 2,22,980 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम होने की आशंका है। इन सभी नामों का दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाया जा सके।

जिले के चारों ब्लॉकों की 273 ग्राम पंचायतों में कुल 7,59,092 मतदाता दर्ज हैं। सत्यापन कार्य के लिए 454 बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई है। अब तक करीब 60 हजार से अधिक मतदाताओं का सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जिसमें 553 डुप्लीकेट नाम मिलने पर उन्हें सूची से हटाया गया है। अभी बड़ी संख्या में मतदाताओं का सत्यापन बाकी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम कविता मीना ने बताया कि जिन लोगों के नाम एक से अधिक बार मतदाता सूची में दर्ज होने की संभावना है, उनका दोबारा सत्यापन कराया जा रहा है। बीएलओ को आधार कार्ड के अंतिम चार अंक की जानकारी भी जुटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सही पहचान सुनिश्चित की जा सके।

सहायक निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में पहले भी दो बार सत्यापन कराया गया था, लेकिन कई स्तर पर गड़बड़ियां सामने आईं। अब 28 मई तक पुनः सत्यापन अभियान चलाया जाएगा, जिसके बाद संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

निर्वाचन विभाग ने सभी बीएलओ को तेजी से सत्यापन पूरा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची पूरी तरह अपडेट और त्रुटिरहित बनाई जा सके।