Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

एनसीआर में सप्लाई हो रही हिना टॉप ब्रांड की सॉस जांच में फेल, बाजार से वापस मंगाया जाएगा माल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ और एनसीआर क्षेत्र में सप्लाई हो रही हिना टॉप ब्रांड की सॉस को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में सॉस का नमूना असुरक्षित पाया गया है, जिसके बाद संबंधित बैच का माल बाजार से वापस मंगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार इस स्टॉक की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को प्रयोगशाला से मिली रिपोर्ट में सॉस के नमूने फेल पाए गए। जांच में सामने आया कि सॉस को आकर्षक रंग देने के लिए टाट्राजिन नामक केमिकल का इस्तेमाल किया जा रहा था, जिसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है। विभाग का कहना है कि लंबे समय तक ऐसे रसायनों का सेवन करने से कैंसर, किडनी संबंधी बीमारी, हार्ट अटैक और आंखों की रोशनी प्रभावित होने जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।

बताया गया कि मेरठ के धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री कृष्णा फूड्स (इंडिया) द्वारा बनाए जा रहे हिना टॉप ब्रांड के सॉस की सप्लाई एनसीआर समेत आसपास के कई जिलों में की जाती है। कंपनी सॉस के अलावा केचअप, अचार, मेयोनिज, नूडल्स, पास्ता और अन्य खाद्य उत्पाद भी बनाती है।

इसी जांच के दौरान गढ़ क्षेत्र की एक दुकान से लिए गए कचरी के नमूने भी असुरक्षित मिले हैं। जांच में पाया गया कि खाद्य पदार्थ को रंगीन बनाने के लिए कार्मोसिन रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो इस प्रकार के खाद्य उत्पाद में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार जिस बैच नंबर का नमूना फेल मिला है, उसका पूरा स्टॉक बाजार से हटाया जाएगा। मामले की जानकारी मेरठ के अधिकारियों को भेज दी गई है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।