Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

CCTNS रैंकिंग में हापुड़ ने गाड़े सफलता के झंडे, बुलंदशहर के साथ प्रदेश में पाया पहला स्थान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद हापुड़ ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी कार्यशैली और तकनीकी दक्षता का लोहा मनवाया है। मुख्यालय पुलिस तकनीकी सेवाएं उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा जारी माह मार्च-2026 की प्रदेश स्तरीय CCTNS रैंकिंग में हापुड़ और बुलंदशहर जनपद ने संयुक्त रूप से प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर मेरठ परिक्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि के बाद पुलिस विभाग में खुशी की लहर दौड़ गई है।


मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रत्येक माह प्रदेश के सभी जनपदों की CCTNS रैंकिंग जारी की जाती है। यह रैंकिंग विभिन्न तकनीकी और प्रशासनिक पैरामीटर्स के आधार पर तय होती है। इसमें डेटा सिंक, अपराध विश्लेषण पोर्टल पर कार्य, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, गिरफ्तार अभियुक्तों की फीडिंग, गुमशुदाओं के रिकॉर्ड अपडेट करने सहित कुल 16 बिंदुओं को शामिल किया जाता है।

मार्च-2026 के आंकड़ों के आधार पर जारी की गई इस रैंकिंग में हापुड़ और बुलंदशहर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में पहला स्थान हासिल किया। बताया गया कि पिछले माह डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र द्वारा सभी जनपदों की CCTNS कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई थी तथा अधिकारियों को तकनीकी कार्यों में तेजी और शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इन निर्देशों के बाद हापुड़ पुलिस ने रिकॉर्ड अपडेट करने, अपराध संबंधी सूचनाओं को समय पर पोर्टल पर अपलोड करने और शिकायतों के त्वरित निस्तारण में विशेष ध्यान दिया। इसी मेहनत और बेहतर समन्वय का परिणाम रहा कि जनपद ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर लिया।

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पुलिस अधीक्षक हापुड़ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बुलंदशहर की सराहना करते हुए कहा कि दोनों जनपदों की टीमों ने पूरी निष्ठा और मनोयोग से कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग से पुलिसिंग व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन रही है तथा जनता को भी इसका लाभ मिल रहा है। 

उन्होंने मेरठ परिक्षेत्र के अन्य जनपदों को भी प्रेरित करते हुए कहा कि मुख्यालय द्वारा निर्धारित सभी पैरामीटर्स पर गंभीरता से कार्य करते हुए शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में भी मेरठ परिक्षेत्र प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहे। हापुड़ पुलिस की इस उपलब्धि पर विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में उत्साह का माहौल है।