HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़।
भीषण गर्मी के बीच उद्योगों और फैक्ट्रियों में बढ़ रहे अग्निकांडों को लेकर विद्युत सुरक्षा विभाग ने बड़ा अलर्ट जारी किया है। सहायक निदेशक विद्युत सुरक्षा भगीरथ और उप निदेशक विद्युत सुरक्षा ओम प्रकाश ने उद्योग संचालकों से विद्युत सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि लापरवाही और खराब विद्युत व्यवस्था के कारण शॉर्ट सर्किट से बड़े अग्निकांड हो सकते हैं, जिनमें जान-माल का भारी नुकसान होने की आशंका रहती है।
विद्युत सुरक्षा विभाग की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि गर्मी के मौसम में विद्युत भार बढ़ने से तारों, केबिलों और विद्युत उपकरणों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ऐसे में यदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया तो आग लगने की घटनाएं हो सकती हैं। विभाग ने उद्योग संचालकों से कहा है कि वे अपने विद्युत अधिष्ठापनों को केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण के सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुरक्षित रखें।
विभाग ने स्पष्ट किया कि मीटर के बाद उचित क्षमता के मेन स्विच, एमसीसीबी और फ्यूज लगाना अनिवार्य है। हाई वोल्टेज उपभोक्ताओं को वीसीबी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तारों और केबिलों पर क्षमता से अधिक भार न डालने, क्षतिग्रस्त वायरिंग का प्रयोग बंद करने और सभी सर्किटों को एमसीबी से नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने ट्रांसफार्मर, जनरेटर, वीसीबी और एलटी पैनल की दोहरी अर्थिंग सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया है। इसके अलावा फैक्ट्री परिसर में अस्थायी वायरिंग, खुले तार, ढीली जॉइंटिंग और ओवरलोड एक्सटेंशन बोर्ड के प्रयोग को बेहद खतरनाक बताया गया है। विभाग ने कहा कि प्रत्येक वर्ष मई-जून में अर्थ रेजिस्टेंस की टेस्टिंग अवश्य कराई जाए और उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ट्रांसफार्मर और विद्युत पैनलों के पास सूखी रेत से भरी बाल्टियां और फायर एक्सटिंग्यूशर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही ट्रांसफार्मर के चारों ओर फेंसिंग कराने और उसके आसपास ज्वलनशील सामग्री न रखने की सलाह दी गई है।
विद्युत सुरक्षा विभाग ने कहा कि उद्योगों में विद्युत कार्य केवल मान्यता प्राप्त विद्युत ठेकेदारों से ही कराए जाएं तथा उच्च विभव वाले उपभोक्ता नियमानुसार विद्युत सुपरवाइजर और वायरमैन नियुक्त करें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि विद्युत सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने से पहले सभी सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी होगा और इसके लिए निवेश मित्र पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
.jpg)
.jpeg)


.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)



Social Plugin