Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

भीषण गर्मी में हांफे ट्रांसफार्मर, फाल्ट और ट्रिपिंग से आधा शहर परेशान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली व्यवस्था भी चरमराने लगी है। मंगलवार को तापमान 45 डिग्री पहुंचते ही बिजलीघरों पर लगे ट्रांसफार्मर जवाब देने लगे। हालात ऐसे हो गए कि ट्रांसफार्मरों को ठंडा रखने के लिए बिजली कर्मियों को कूलर और पंखों का सहारा लेना पड़ा, वहीं कई जगह पानी की बौछार भी करनी पड़ी। इसके बावजूद सोमवार रात से मंगलवार तक शहर के कई इलाकों में फाल्ट, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या बनी रही।

शहर के कई फीडर हर दस मिनट में ट्रिप करते रहे, जिससे लोगों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ी। बिजली बार-बार जाने और वोल्टेज कम होने के कारण घरों के उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर सके। दिन में केबल जलने की घटनाओं ने संकट को और बढ़ा दिया।

आनंद विहार बिजलीघर में ट्रांसफार्मरों को ओवरहीटिंग से बचाने के लिए कूलर लगाए गए हैं और पंखों से लगातार हवा दी जा रही है। इसके बावजूद इस बिजलीघर से जुड़े इलाकों में लो वोल्टेज और कटौती की समस्या बनी रही। 

दूसरी ओर पटना मुरादपुर बिजलीघर में भी बिजलीकर्मी ट्रांसफार्मरों पर पानी की बौछार करते नजर आए। कुछ देर राहत मिलने के बाद फिर ट्रिपिंग शुरू हो गई।

अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी ने बताया कि गर्मी के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, जिससे संसाधनों पर दबाव बढ़ा है। ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जा रहे हैं और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने का प्रयास जारी है।