Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गैलरी पर कब्जे और शराबखोरी के आरोपों से गरमाई जवाहरगंज मेडिकल मार्केट, वीडियो वायरल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

शहर की प्रमुख जवाहरगंज मेडिकल मार्केट इन दिनों एक वायरल वीडियो के चलते चर्चा में है। वीडियो में मार्केट की एक गैलरी को लेकर विवाद की स्थिति साफ नजर आ रही है, जिसके बाद व्यापारियों के बीच तनातनी का माहौल बन गया है। मामला धीरे-धीरे तूल पकड़ता जा रहा है और अब कानूनी कार्रवाई की बात भी सामने आने लगी है।


जानकारी के अनुसार मेडिकल मार्केट में हेमंत साहनी उर्फ बॉबी की दवा की दुकान है। उनकी दुकान के बराबर में स्थित एक संकरी गैलरी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हेमंत साहनी का कहना है कि संबंधित गैलरी का आधा हिस्सा उनके नाम बैनामे में दर्ज है, जबकि शेष आधा हिस्सा एक अन्य दुकानदार के नाम है, जिसकी दुकान कई वर्षों से बंद पड़ी हुई है।

हेमंत साहनी ने आरोप लगाया कि उक्त गैलरी को वह सामान्य रूप से खुला रखते थे, लेकिन कुछ लोगों द्वारा शाम के समय वहां बैठकर शराब का सेवन किया जाने लगा। उन्होंने कई बार इसका विरोध किया और संबंधित लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ। इसको लेकर पहले भी विवाद की स्थिति बनी थी, जिसे उस समय मार्केट के अन्य व्यापारियों ने हस्तक्षेप कर शांत करा दिया था।

इसके बावजूद, हेमंत का आरोप है कि गैलरी में शराब पीने की गतिविधियां दोबारा शुरू हो गईं। उनका कहना है कि मेडिकल मार्केट में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे दवाई लेने के लिए आते हैं, ऐसे में इस प्रकार की गतिविधियां गलत माहौल पैदा करती हैं और समाज पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं। इसी के चलते उन्होंने गैलरी को बंद करने का निर्णय लिया।

हेमंत साहनी ने यह भी आरोप लगाया कि अब कुछ लोग उन पर गैलरी को दोबारा खोलने के लिए दबाव बना रहे हैं, जिससे विवाद और गहरा गया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यदि उन पर इसी तरह दबाव बनाया जाता रहा तो वह अपने अधिकारों की रक्षा के लिए कानून का सहारा लेने से पीछे नहीं हटेंगे। वहीं, वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मार्केट में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय व्यापारियों के बीच भी इस मुद्दे को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। फिलहाल मामला आपसी सहमति से सुलझता नजर नहीं आ रहा है और स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।