Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

आंधी-बारिश से बिजली व्यवस्था चरमराई, कई घंटे अंधेरे में रहा शहर


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ में रविवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। खराब मौसम के चलते जिलेभर में बड़े पैमाने पर बिजली लाइनों में खराबी आ गई, जिससे शहर और ग्रामीण इलाकों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।

बताया गया कि रात करीब 12 बजे शुरू हुई आंधी के बाद कई जगहों पर पेड़ और होर्डिंग बिजली लाइनों पर गिर गए, जिससे सप्लाई ठप हो गई। करीब 30 बिजलीघरों से जुड़े क्षेत्रों में सैकड़ों स्थानों पर फाल्ट दर्ज किए गए। शहर की कई कॉलोनियां देर रात तक अंधेरे में डूबी रहीं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और ज्यादा खराब रहे।

रामपुर रोड, दिल्ली रोड और अतरपुरा से जुड़ी लाइनों में आई खराबी के चलते अधिकांश इलाकों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कुछ जगहों पर तड़के चार से पांच बजे के बीच बिजली बहाल हो सकी, लेकिन कई गांवों में सोमवार दोपहर तक भी सप्लाई पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाई।

वझीलपुर सहित कई बिजलीघरों में गंभीर तकनीकी दिक्कतें सामने आईं, जहां मरम्मत कार्य देर तक चलता रहा। तेज आंधी के कारण जिले में 20 से अधिक बिजली के खंभे भी टूट गए, जिन्हें बदलने का काम देर शाम तक जारी रहा।

फसलों को भी नुकसान

आंधी और बारिश का असर किसानों पर भी पड़ा है। खासतौर पर बागवानी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसमें आम की फसल सबसे ज्यादा प्रभावित बताई जा रही है। वहीं, जिन खेतों में गेहूं की फसल अभी खड़ी थी, वहां भी नुकसान की सूचना है।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पेड़ों की टहनियां गिरने और खंभों के क्षतिग्रस्त होने से सप्लाई बाधित हुई थी। शहरी क्षेत्रों में रात के दौरान ही बिजली बहाल कर दी गई, जबकि ग्रामीण इलाकों में सुधार कार्य तेजी से कराया गया।