Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

10 दिन की चुनौती के अंतिम पड़ाव पर रेलवे फ्लाईओवर, 20 जून से यातायात बहाल होने की उम्मीद


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मेरठ रोड स्थित रेलवे फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर 20 जून से फ्लाईओवर को दोबारा यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। मरम्मत कार्य की रफ्तार को देखते हुए लोगों को भी उम्मीद है कि पिछले कई दिनों से ट्रैफिक डायवर्जन के कारण हो रही परेशानी जल्द समाप्त हो जाएगी।

                                 

गौरतलब है कि रेलवे फ्लाईओवर को 10 जून से 20 जून तक मरम्मत कार्य के लिए बंद किया गया था। फ्लाईओवर बंद होने के कारण शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विभिन्न मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है। इससे रोजाना हजारों वाहन चालकों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बन रही है।


फ्लाईओवर पर मेरठ रोड से लेकर मोदीनगर मोड़ फ्लाईओवर तक के हिस्से में मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार इस हिस्से में कुल लगभग 10 ज्वाइंट हैं, जिनमें से छह ज्वाइंट अत्यधिक क्षतिग्रस्त पाए गए थे। इन्हीं छह ज्वाइंट्स को पूरी तरह से तोड़कर नए सिरे से तैयार किया जा रहा है ताकि फ्लाईओवर की संरचनात्मक मजबूती बनी रहे और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।


वर्तमान में तीन ज्वाइंट्स का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष तीन ज्वाइंट्स पर तेजी से काम चल रहा है। निर्माण एजेंसी द्वारा दिन-रात कार्य कर समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा फ्लाईओवर के पिलरों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और अन्य रखरखाव संबंधी कार्य भी किए जा रहे हैं।

फ्लाईओवर बंद होने के बाद शुरूआत में लोगों को यह उम्मीद थी कि पूरे फ्लाईओवर पर व्यापक स्तर पर मरम्मत कार्य किया जाएगा, लेकिन टेंडर के तहत फिलहाल केवल छह ज्वाइंट्स की मरम्मत का कार्य शामिल है। विभाग का कहना है कि वर्तमान चरण में आवश्यक और अधिक क्षतिग्रस्त हिस्सों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है।


शहरवासियों की निगाहें अब 20 जून पर टिकी हैं। खासतौर पर 24 जून से स्कूल खुलने की घोषणा के बाद फ्लाईओवर का समय पर चालू होना और भी महत्वपूर्ण हो गया है। यदि मरम्मत कार्य निर्धारित समय से आगे बढ़ता है तो स्कूली वाहनों, अभिभावकों और दैनिक यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इससे यातायात का दबाव वैकल्पिक मार्गों पर और बढ़ने की आशंका है।


संबंधित अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि फ्लाईओवर की मरम्मत तेजी से चल रही है और कार्य को 20 जून तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मौसम और अन्य परिस्थितियां सामान्य रहीं तो 20 जून से फ्लाईओवर पर यातायात सुचारु रूप से शुरू कर दिया जाएगा।