Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

मजदूरी मांगने पर दी जान से मारने की धमकी, बकाया भुगतान को लेकर ठेकेदार पर गंभीर आरोप


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सिंभावली थाना क्षेत्र में मजदूरी के बकाया भुगतान को लेकर एक निर्माण ठेकेदार पर मजदूर को लाइसेंसी रिवाल्वर दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

                           


पीड़ित मजदूर मनोज प्रजापति ने बताया कि उसने रामपुर निवासी ठेकेदार गुरफान के साथ बक्सर नहर पटरी स्थित एक जूनियर हाई स्कूल के निर्माण कार्य का ठेका लिया था। दोनों के बीच 12 जुलाई 2025 को 150 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से कार्य करने का समझौता हुआ था। मनोज का कहना है कि निर्धारित कार्य पूर्ण करने के बावजूद उसका और उसके साथ काम करने वाले मजदूरों का करीब दो लाख रुपये का भुगतान अभी तक बकाया है।


पीड़ित के अनुसार जब उसने कई बार बकाया मजदूरी की मांग की तो ठेकेदार द्वारा टालमटोल की जाती रही। आरोप है कि 27 मई को जब वह दोबारा भुगतान मांगने पहुंचा तो ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दी और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि ठेकेदार ने कहा कि “अब अगर पैसे मांगे तो तुम्हें जान से मार दूंगा।”


मनोज ने यह भी आरोप लगाया है कि भुगतान न करने के बाद अब उसी निर्माण कार्य पर दूसरी लेबर लगाकर काम कराया जा रहा है, जिससे उसका आर्थिक नुकसान और बढ़ गया है। मामले को लेकर पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि जब तक बकाया भुगतान नहीं किया जाता, तब तक संबंधित निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


उधर, भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भी इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन को शिकायत दी है। उन्होंने ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है। सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों से जानकारी लेकर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।