Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

पिलखुवा बस अड्डे पर रोडवेज बसों के ठहराव की मांग को लेकर प्रदर्शन, यात्रियों का फूटा आक्रोश

HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा। नगर के बस अड्डे पर रोडवेज बसों के नियमित ठहराव की मांग को लेकर गुरुवार को यात्रियों और भारतीय किसान यूनियन अन्नपूर्णा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने परिवहन विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

                          
      

प्रदर्शन के दौरान यात्रियों ने आरोप लगाया कि पिलखुवा से होकर गुजरने वाली अधिकांश रोडवेज बसें बस अड्डे पर नहीं रुकतीं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर छात्र, नौकरीपेशा लोग, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि कई बार घंटों इंतजार करना पड़ता है या फिर निजी वाहनों पर अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है।


नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष विभु बंसल द्वारा इस मुद्दे को पहले ही परिवहन मंत्री के समक्ष उठाया जा चुका है। बताया गया कि मंत्री ने अधिकारियों से वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। 


प्रदर्शनकारियों ने रोडवेज प्रशासन से मांग की कि सभी निर्धारित बसों का पिलखुवा बस अड्डे पर ठहराव अनिवार्य किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों और परिचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पिलखुवा एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और व्यापारिक केंद्र है, जहां रोजाना हजारों लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में बसों का ठहराव न होना जनता के लिए गंभीर समस्या बन चुका है। अब क्षेत्रीय जनता की नजर परिवहन विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।