हापुड़।
धौलाना थाना क्षेत्र के देहरा झाल पर गंग नहर इन दिनों बच्चों और युवकों के लिए खतरनाक “एडवेंचर जोन” बनती जा रही है। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में नाबालिग और युवा यहां पहुंचकर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि कई बच्चे सीधे पुल से गंग नहर की गहराई में छलांग लगा रहे हैं, जहां तेज बहाव किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रतिदिन दोपहर और शाम के समय देहरा झाल पर भीड़ बढ़ जाती है। इनमें अधिकांश नाबालिग होते हैं जो बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के ऊंचे पुल से पानी में कूदते नजर आते हैं।
कई बार वे तेज बहाव के बीच तैरकर स्टंट करते हैं, जिससे मौके पर मौजूद लोग भी दहशत में आ जाते हैं। गंग नहर की गहराई और तेज धार को देखते हुए यहां पहले भी डूबने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार पुलिस मौके पर पहुंचकर बच्चों और युवकों को वहां से हटाती है और सख्त चेतावनी देती है, लेकिन कुछ ही समय बाद स्थिति फिर वही हो जाती है। नाबालिगों की यह लापरवाही लगातार किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है।
स्थानीय लोगों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों पर विशेष ध्यान दें और उन्हें इस तरह के खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकें। साथ ही प्रशासन से मांग की गई है कि देहरा झाल पर स्थायी निगरानी व्यवस्था, चेतावनी बोर्ड और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।











.jpeg)



.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)




Social Plugin