Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

फर्जी फर्म बनाकर 20 करोड़ की आईटीसी हड़पने वाला आरोपी शाहिद गिरफ्तार


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

राज्य कर विभाग से करोड़ों रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का फर्जीवाड़ा करने के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी शाहिद को पकड़ लिया है। आरोपी पर फर्जी फर्म के जरिए सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार राज्य कर विभाग खंड-एक के सहायक आयुक्त जितेंद्र कुमार ने इस मामले में नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के स्याना चौपला स्थित एक पते पर उमेरुल निशा के नाम से निशा इंटरप्राइजेज नाम की फर्म का पंजीकरण कराया गया था। दस्तावेज सही मिलने पर विभाग ने फर्म को रजिस्ट्रेशन दे दिया था, लेकिन बाद में जांच के दौरान फर्म मौके पर मौजूद नहीं मिली।

स्थलीय निरीक्षण में फर्म के अस्तित्वहीन पाए जाने पर विभाग ने नोटिस जारी कर आईटीसी को ब्लॉक कर दिया और पंजीकरण निरस्त कर दिया। जांच में पता चला कि बिना किसी वास्तविक व्यापार के कागजों में लेनदेन दिखाकर वित्तीय वर्ष 2023-24 में करीब 15 करोड़ रुपये से अधिक और वर्ष 2024-25 में लगभग 5 करोड़ रुपये की आईटीसी अपने खाते में ट्रांसफर कर ली गई।

सीओ वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि फर्म का संचालन शाहिद कर रहा था। पुलिस ने उसे चितौली रोड से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।