Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धौलाना में टैंट गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान खाक


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ (धौलाना)। कस्बे के चौहान मोहल्ला में बुधवार सुबह एक टैंट की दुकान में अचानक भीषण आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा टैंट, कपड़ा, रजाइयां व अन्य सामान देखते ही देखते जलकर राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

बताया गया है कि सुबह के समय आसपास के कुछ लोग टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्होंने एक दुकान से धुआं निकलता देखा। संदेह होने पर उन्होंने तुरंत दुकान स्वामी पप्पू को सूचना दी। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे।

शटर खोलते ही अंदर का दृश्य भयावह था। दुकान के भीतर आग भड़क चुकी थी और कपड़े व अन्य ज्वलनशील सामग्री तेज लपटों के साथ जल रही थी। आग बढ़ती देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पानी आदि डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।


सूचना पर दमकल विभाग की टीम फायर ब्रिगेड की गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस भी एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर मौजूद रही। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। दुकान स्वामी और उनके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रारंभिक आकलन के मुताबिक आग से लाखों रुपये की क्षति हुई है। 

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कराई जा रही है।