Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को हापुड़ में शामिल कराने की मांग तेज, उद्यमियों से मांगा गया प्रस्ताव


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को हापुड़ जिले में शामिल कराने की मांग को लेकर प्रशासन और उद्यमियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। जिला उद्योग बंधु की बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उद्यमियों की ओर से लिखित प्रस्ताव मिलने के बाद ही इस मामले को आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही बिजली से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों और उद्यमियों की साप्ताहिक बैठक हर मंगलवार को कराने का निर्णय लिया गया है।

अटल गौरव पार्क में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गौतम ने की, जिसमें उपायुक्त उद्योग खुशबू सिंह ने उद्यमियों के विभिन्न मुद्दों और प्रस्तावों को विस्तार से रखा। बैठक में बिजली कटौती की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से साझा करने पर भी सहमति बनी।

हापुड़ स्माल स्केल एसोसिएशन के अध्यक्ष अमन गुप्ता ने कहा कि पहले ऊर्जा निगम और उद्यमियों के बीच नियमित बैठक होती थी, लेकिन लंबे समय से यह व्यवस्था बंद थी, जिससे उद्योगों की समस्याएं बढ़ रही थीं। प्रशासन ने अब इसे फिर से शुरू करने का भरोसा दिया है।

सीडीओ ने धीरखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को हापुड़ में शामिल करने के मामले पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उद्यमियों की ओर से प्रस्ताव न आने के कारण फाइल आगे नहीं बढ़ पा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द प्रस्ताव नहीं दिया गया तो इस मुद्दे को एजेंडे से हटाया जा सकता है। वहीं, दो जिलों की सीमा विवाद के कारण धीरखेड़ा क्षेत्र में नाले का निर्माण रुका होने पर भी अधिकारियों ने चिंता जताई।