Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

लेनदेन के विवाद में घर बुलाकर हमला, महिला समेत तीन घायल


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

थाना देहात इलाके में पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने हिसाब-किताब के बहाने महिला और उसके परिजनों को अपने घर बुलाया और वहां लाठी-डंडों व नुकीले हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

शिवलोक कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रविवार दोपहर उसके भाई को फोन कर प्रभा विहार स्थित मकान पर बातचीत के लिए बुलाया गया था। वह अपने पिता और भाई के साथ वहां पहुंची। महिला का आरोप है कि पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों ने अचानक हमला कर दिया। उसके पिता और भाई के साथ मारपीट की गई, जबकि विरोध करने पर उसे भी पीटा गया।

बताया गया कि हमलावरों ने उसके भाई को वाहन से खींचने की कोशिश की। घटना के दौरान गले की चेन का लॉकेट भी टूटकर गिर गया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र होने लगे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य के संबंध में जांच जारी है।