Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

जिला कारागार निर्माण में चार करोड़ की गड़बड़ी, एक और आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा


HALCHAL INDIA NEWS

हाफिजपुर। अकड़ौली गांव में बन रहे जिला कारागार निर्माण कार्य में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में पहले ही कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था और अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

जानकारी के अनुसार बरेली जिले के माधोबाड़ी निवासी संदीप झावर ने हाफिजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म मैसर्स वैगमाइन इंटरप्राइजेज ने मैसर्स आरपीपी इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड से सबलेट लेकर हापुड़ में जिला कारागार निर्माण का कार्य संभाला था। जांच में सामने आया कि निर्माण स्थल पर रेत, बजरी और मिट्टी की आपूर्ति में बड़े स्तर पर अनियमितता की गई।

आरोप है कि कुछ सप्लायर, ट्रांसपोर्टर और फर्म से जुड़े कर्मचारियों ने मिलकर फर्जी बिल और कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और गलत एंट्री दिखाकर करीब चार करोड़ रुपये का गबन किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ, जिसके आधार पर कई लोगों को नामजद किया गया।

क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने बताया कि फरार चल रहे आजमगढ़ निवासी अभिषेक को अकड़ौली मंदिर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।