Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

ट्रक चालक से मोबाइल छीनकर भाग रहे तीन युवक पकड़े गए, चाकू और मोबाइल बरामद


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

मोदीनगर रोड स्थित गोयना गांव के पास ट्रक सवार युवक से मोबाइल छीनकर फरार होने की कोशिश कर रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल फोन और चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक मेरठ के परतापुर क्षेत्र निवासी आदित्य रविवार रात ट्रक से मुरादनगर से बरेली की ओर जा रहा था। रास्ते में गोयना गांव के पास वह लघुशंका के लिए ट्रक रोककर नीचे उतरा। इसी दौरान स्कूटी और बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और उसका मोबाइल छीनकर भाग गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दस्तोई रोड की ओर जाने वाले मार्ग से तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान चिराग त्यागी उर्फ आयुष, आशुतोष त्यागी और मोसकिन अली के रूप में हुई, जो असौड़ा महल क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी वरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और तीन चाकू बरामद किए गए हैं। तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।