Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अधिवक्ता के चैंबर में तोड़फोड़ का आरोप, पत्नी व ससुराल पक्ष पर केस की मांग


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

नगर पालिका परिषद स्थित कचहरी परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अधिवक्ता के चैंबर में तोड़फोड़ और अभिलेख नष्ट करने का मामला सामने आया। अधिवक्ता ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर चैंबर का ताला तोड़कर सामान क्षतिग्रस्त करने, फाइलें फाड़ने और मारपीट करने का आरोप लगाया है।

मेरठ निवासी अधिवक्ता अमन शर्मा के अनुसार उनका अपनी पत्नी पिंकी शर्मा से पारिवारिक विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि 28 मार्च को उन्होंने पत्नी व उसके परिजनों के खिलाफ उत्पीड़न की शिकायत पुलिस अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई थी। आरोप है कि इसी के बाद मंगलवार दोपहर करीब दो बजे उनकी पत्नी अपने परिजनों के साथ नगर पालिका परिसर स्थित उनके चैंबर नंबर-19 पर पहुंची।


अधिवक्ता का आरोप है कि उस समय वह सत्र न्यायालय में थे। इसी दौरान आरोपितों ने चैंबर का ताला तोड़ दिया और अंदर रखी मुकदमों से संबंधित फाइलें, कानूनी किताबें व अन्य दस्तावेज बाहर फेंककर नुकसान पहुंचाया। फर्नीचर में भी तोड़फोड़ करने का आरोप है।

अमन शर्मा का कहना है कि सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौंच की और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।


घटना के दौरान कचहरी परिसर में काफी भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया, जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पीड़ित अधिवक्ता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।