Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

नवजात के गायब होने का आरोप निकला झूठा, पिता ने ही दंपती को सौंप दी थी बच्ची

HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में नवजात बच्ची के लापता होने की शिकायत ने उस समय नया मोड़ ले लिया, जब पुलिस की जांच में अलग तथ्य सामने आए।

गांव गड़ावली निवासी एक व्यक्ति ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी ने 25 फरवरी को नगर के एक निजी अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। उसका कहना था कि कुछ समय के लिए घर जाने के बाद जब वह वापस अस्पताल पहुंचा तो नवजात वहां नहीं मिली। उसने अस्पताल संचालक पर बच्ची को गायब करने का संदेह जताया और कार्रवाई की मांग की।

शिकायत के बाद पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जांच की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि बच्ची को अस्पताल से गायब नहीं किया गया था, बल्कि पिता ने स्वयं ही उसे मुरादाबाद निवासी एक चिकित्सक दंपती को सौंप दिया था।

सूचना मिलने पर संबंधित दंपती बच्ची को लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। दंपती ने बताया कि नवजात उन्हें पिता की सहमति से दी गई थी और उन्हें किसी विवाद की जानकारी नहीं थी।

क्षेत्राधिकारी स्तुति सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यही सामने आया है कि बच्ची पिता की इच्छा से गोद दी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।