Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

हापुड़ में 22 लाख का मिलावटी शहद पकड़ा, जांच में राइस सिरप की पुष्टि


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई में बड़ा खुलासा हुआ है। करीब 22 लाख रुपये कीमत के शहद के मामले में जांच रिपोर्ट ने साफ कर दिया है कि बरामद शहद मिलावटी था। लैब रिपोर्ट में शहद में राइस सिरप की मिलावट पाई गई है, जो स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकती है। 

जानकारी के अनुसार, यह खेप हरियाणा से मंगवाई गई थी। करीब 15 हजार किलो शहद बिना किसी टैग के ट्रांसपोर्ट के माध्यम से हापुड़ पहुंचा था। खाद्य विभाग की टीम ने 6 जनवरी को छापा मारकर इस खेप को पकड़ा था। जांच में सामने आया कि यह शहद हापुड़ देहात क्षेत्र के नवीन मंडी स्थित तुंगनाथ ट्रेडर के यहां मंगवाया गया था।


खाद्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, शहद में राइस सिरप की मिलावट आम उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए बेहद हानिकारक है। ऐसे मिलावटी उत्पाद के सेवन से ब्लड शुगर बढ़ने के साथ-साथ अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा भी बना रहता है।

कार्रवाई के दौरान बिना लेबल और गुणवत्ता प्रमाण के बड़ी मात्रा में शहद बरामद होना भी सवाल खड़े करता है। विभाग का कहना है कि इस मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जहां मिलावटखोरों में हड़कंप मचा है, वहीं आम लोगों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है। अधिकारियों ने अपील की है कि उपभोक्ता किसी भी खाद्य पदार्थ को खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और प्रमाणिकता अवश्य जांच लें, ताकि इस तरह की मिलावट से बचा जा सके।