Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

5295 ऑटो के परमिट रद्द, बिना नवीनीकरण सड़कों पर चलने वालों पर सख्त कार्रवाई

HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में नियमों की अनदेखी कर रहे ऑटो चालकों पर परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। परमिट का नवीनीकरण न कराने वाले 5295 ऑटो के परमिट निरस्त कर दिए गए हैं। अब यदि ये ऑटो सड़कों पर चलते पाए गए तो उन्हें तुरंत सीज किया जाएगा।

संभागीय परिवहन प्राधिकरण की बैठक में यह मामला गंभीरता से उठाया गया, जिसमें अधिकारियों ने बताया कि बड़ी संख्या में ऑटो बिना वैध परमिट के संचालित हो रहे थे। कई बार नोटिस भेजने और चेतावनी देने के बावजूद परमिट नवीनीकरण नहीं कराया गया, जिससे विभाग को राजस्व हानि भी हो रही थी और ऑडिट में आपत्तियां भी दर्ज की गईं।

अधिकारियों का कहना है कि बिना परमिट और फिटनेस के चलने वाले ऑटो यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। ऐसे वाहनों में तकनीकी खामियां होने की संभावना रहती है, जिससे हादसे का जोखिम बढ़ जाता है। इसी को देखते हुए सख्त कार्रवाई का निर्णय लिया गया है।

परिवहन विभाग ने निर्देश दिए हैं कि जल्द ही चेकिंग अभियान चलाकर अवैध रूप से चल रहे ऑटो को चिन्हित किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से समय पर परमिट और फिटनेस अपडेट कराने की अपील की गई है, ताकि उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।