Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

सीजन का सबसे गर्म दिन, 42 डिग्री पहुंचा तापमान


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

जिले में गर्मी लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। रविवार को मौसम ने इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर तक हालात ऐसे हो गए मानो आसमान से आग बरस रही हो। अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

भीषण गर्मी और लू के कारण शहर की सड़कें और बाजार दोपहर में लगभग सूने नजर आए। जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। खासतौर पर बाइक सवार और ई-रिक्शा यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

तेज गर्म हवाओं के चलते पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को करीब 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गर्मी का असर सिर्फ लोगों पर ही नहीं बल्कि पशु-पक्षियों पर भी पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार बढ़ते तापमान से बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं में थकान, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम है। पूरे सप्ताह तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।