Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गलत जल निकासी व्यवस्था को लेकर महिलाओं का विरोध, आंदोलन की दी चेतावनी


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़ के मोहल्ला कृष्णा नगर और शक्ति नगर में जल निकासी व्यवस्था को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाओं और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की नई व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सभासद और ठेकेदार पर लापरवाही के आरोप लगाए। लोगों ने चेतावनी दी कि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय निवासी प्रोफेसर डॉ. वंदना वशिष्ठ ने बताया कि सड़क निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था सही तरीके से नहीं की गई है। आरोप है कि भगवानपुरी और इंद्रलोक कॉलोनी का पानी भी अब शक्ति नगर की नालियों में छोड़ा जा रहा है, जिससे इलाके में लगातार जलभराव की समस्या बढ़ रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर पालिका प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया। लोगों को डर है कि बारिश के मौसम में हालात और खराब हो सकते हैं तथा घरों में पानी घुसने की स्थिति बन सकती है।

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने मांग की कि मोहल्ले में जल्द सीवर और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए। उन्होंने साफ कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो नगर पालिका के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

वहीं नगर पालिका के ईओ संजय कुमार मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और मौके का निरीक्षण कर समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।