Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

गढ़मुक्तेश्वर में पेयजल लाइन से आ रहा दूषित पानी, लोगों में बढ़ी नाराजगी


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर के मोहल्ला आदर्श नगर में पेयजल आपूर्ति को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। घरों में सप्लाई हो रहे पानी में गंदगी और बदबू आने से स्थानीय निवासी बेहद परेशान हैं। लोगों का कहना है कि कई दिनों से पानी पीने योग्य नहीं आ रहा, लेकिन शिकायतों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया।

स्थानीय निवासी सुबोध कुमार के अनुसार पेयजल पाइपलाइन में कई स्थानों पर लीकेज है, जिसके कारण नालियों का गंदा पानी सप्लाई लाइन में मिल रहा है। इससे घरों में दूषित पानी पहुंच रहा है और संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। मजबूरी में कई परिवार बाजार से पानी खरीदने को मजबूर हैं।

मोहल्ला वासियों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा।

वहीं पालिका ईओ पवित्रा त्रिपाठी ने बताया कि जल निगम द्वारा नए कनेक्शन जोड़ने के दौरान कई जगह लीकेज छोड़ दिए गए हैं। इस संबंध में जल निगम को पत्र भेजा गया है और जल्द ही समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।