HALCHAL INDIA NEWS
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। बृहस्पतिवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने जिले की बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। करीब छह बजे अचानक तेज हवाओं के साथ मौसम बदला, जिससे शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। कई स्थानों पर फाल्ट आने से लाइनें ब्रेकडाउन पर चली गईं।
जिले के करीब सवा तीन लाख उपभोक्ताओं को 53 बिजलीघरों से आपूर्ति दी जाती है, लेकिन आंधी के चलते कई प्रमुख बिजलीघर बंद करने पड़े। दिल्ली रोड प्रथम व द्वितीय, रामपुर रोड, पटना मुरादपुर, स्वर्ग आश्रम रोड और अतरपुरा बिजलीघरों की सप्लाई बाधित रही।
तेज हवा के कारण पेड़ टूटने और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने की आशंका जताई जा रही है। हालात ऐसे थे कि सड़कों पर चल रहे वाहन चालक भी सुरक्षित स्थान तलाशने को मजबूर हो गए। हवा थमने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए गए, लेकिन लाइनों में आए फाल्ट के चलते दिक्कतें बनी रहीं। आंधी के दौरान पेट्रोलिंग कार्य भी प्रभावित हुआ, जिससे मरम्मत में देरी हुई।
रात तक त्यागीनगर, जेके कॉलोनी, सूर्य विहार, शांति विहार, प्रज्ञा विहार, चंद्रलोक कॉलोनी, भीमनगर, सुभाष नगर, तगासराय, सादिकपुरा, कोटला, सिकंदरगेट, राजीव विहार, अशोक कॉलोनी, आनंद विहार, प्रीत विहार समेत कई मोहल्लों और देहात क्षेत्रों में अंधेरा छाया रहा।
मौसम में आए बदलाव के चलते तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। दोपहर में जहां पारा 37 डिग्री सेल्सियस था, वहीं आंधी-बारिश के बाद इसमें करीब 4 डिग्री की कमी आई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार को भी मौसम खराब रहने की संभावना है, जबकि ओलावृष्टि फसलों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है।
.jpg)




.jpeg)




.jpeg)
.jpeg)

.jpeg)



Social Plugin