Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

भीषण आग से 80 झुग्गियां राख, दो ट्रांसपोर्ट कंपनियां और जींस फैक्टरी भी जली


HALCHAL INDIA NEWS

पिलखुवा (हापुड़)। कोतवाली क्षेत्र के अर्जुन नगर स्थित झुग्गी बस्ती में सोमवार सुबह लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में ऊंची लपटों और काले धुएं ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। गैस सिलिंडरों के लगातार धमाकों से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

इस हादसे में करीब 80 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं। आग की चपेट में पास की दो ट्रांसपोर्ट कंपनियां और एक जींस फैक्टरी भी आ गईं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। घटना में एक स्थानीय व्यक्ति और एक दमकल कर्मी झुलस गए, जिनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही पिलखुवा और गाजियाबाद से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक झुग्गियों के साथ-साथ फैक्टरी और कंपनियों में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब दो करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

बताया गया है कि अर्जुन नगर क्षेत्र में पिछले करीब 12 वर्षों से लगभग 200 झुग्गियां बसी हुई थीं। इनमें रहने वाले अधिकतर लोग मूल रूप से असम के निवासी हैं, जो इन दिनों मतदान के लिए अपने गृह राज्य गए हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक आग भड़क उठी। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन झुग्गियों में मौजूद सिलिंडरों के फटने और प्लास्टिक व कबाड़ जैसे ज्वलनशील सामान के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

आग ने पास स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनियों और जींस निर्माण इकाई को भी अपनी चपेट में ले लिया। फैक्टरी के गोदामों में रखा बड़ी मात्रा में कपड़ा जल गया, जिससे कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ।

मौके पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। दमकल विभाग के एक कर्मचारी नवीन आग बुझाने के दौरान झुलस गए।

पुलिस के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, झुग्गी बसाने के लिए जमीन देने वाले कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।