Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालक पर शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर क्षेत्र में संचालित एक अल्ट्रासाउंड सेंटर के संचालक पर युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का कहना है कि वह एक अल्ट्रासाउंड सेंटर पर रिसेप्शनिस्ट के रूप में कार्यरत थी। आरोप है कि सेंटर संचालक ने उसे शादी का भरोसा देकर अपने झांसे में लिया। युवती के अनुसार सात मार्च को आरोपी ने उसे शीतल पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

युवती का आरोप है कि होश आने पर जब उसने विरोध किया और पुलिस में शिकायत की बात कही, तो आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद वह लगातार शादी का आश्वासन देकर उसे बहलाता रहा।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।