Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

दरोगाओं पर थर्ड डिग्री का आरोप, युवक का हाथ टूटने का दावा


HALCHAL INDIA NEWS

हापुड़। 

सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव माधापुर निवासी एक युवक ने पुलिस के दो दरोगाओं पर थर्ड डिग्री देने और मारपीट कर हाथ तोड़ने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामले की जांच गढ़ सीओ को सौंप दी गई है।

बताया गया कि गांव निवासी प्रशांत की पिछले महीने सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि पुलिस ने बिना शिनाख्त कराए ही उसका अंतिम संस्कार करा दिया था। इस मामले में विरोध प्रदर्शन और हाईवे जाम के बाद सिंभावली थाने में तैनात दो दरोगाओं को निलंबित किया गया था। मृतक के परिजनों के साथ धरना-प्रदर्शन में योगेंद्र भी शामिल रहा था।

योगेंद्र का आरोप है कि रविवार को पुलिस ने उसे पुराने मारपीट के एक मामले में हिरासत में लिया। इसके बाद थाने में ले जाकर दो दरोगाओं ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। युवक का कहना है कि लात-घूंसों से पीटने के दौरान उसके हाथ की हड्डी टूट गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे धमकाया गया और करीब दो घंटे तक प्रताड़ित किया गया।

पीड़ित सोमवार को अपने पिता के साथ एसपी कार्यालय पहुंचा और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच गढ़ सीओ को सौंप दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।