Ticker

6/recent/ticker-posts

Header logo

डंपर की टक्कर से टूटा बिजली का खंभा, तीन घंटे बाधित रही आपूर्ति


HALCHAL INDIA NEWS

गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मीरा रेती-अल्लाबख्शपुर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में खंभा और बिजली लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आसपास के दो मोहल्लों के करीब 100 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।

बताया गया कि बदरपुर से भरा डंपर मीरा रेती की ओर जा रहा था। रेलवे फाटक के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और डंपर पलटते हुए बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि खंभा टूट गया और बिजली के तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और चालक को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और ऊर्जा निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

ऊर्जा निगम के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त खंभे और तारों को बदलने का कार्य शुरू किया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकी। इस दौरान लोगों को गर्मी में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ऊर्जा निगम अधिकारियों ने बताया कि नुकसान की भरपाई को लेकर डंपर मालिक और चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।